महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया
सेवानिवृत शिक्षकों का हुआ सम्मान, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्याम साहू रहे उपस्थित
सिलवानी । शासकीय महाविद्यालय में गुरुवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं अतिथियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषता सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह रहा, जिसमें वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले गुरुओं को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं ने अपने शब्दों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्याम साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा, “गुरु का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है। शिक्षक ही समाज की नींव होते हैं और उनका मार्गदर्शन युवाओं को सही दिशा देता है।”
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मनोहर पंथी ने भी गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि यह दिन गुरु-शिष्य परंपरा को पुनः स्मरण करने और शिक्षकों के प्रति आभार प्रकट करने का दिन है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी, छात्रगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।



