तेज रफ्तार बसें बन रहीं दुर्घटनाओं का कारण, जाते समय जाम, लौटते समय रफ्तार

गैरतगंज में यातायात व्यवस्था बेपटरी
रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। नगर के बीचों-बीच से गुजरने वाले भोपाल–सागर मार्ग पर स्थित बस स्टैंड आज गंभीर दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। यहां से भोपाल, सागर, सिलवानी, विदिशा सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए लगातार बसों का संचालन होता है, जिससे बस स्टैंड क्षेत्र में दिनभर भारी भीड़ बनी रहती है।
बस स्टैंड के आसपास सब्जी मंडी, फल बाजार, तहसील कार्यालय, न्यायालय, संदीपनी विद्यालय, एक्सीलेंस स्कूल और अस्पताल स्थित होने के कारण यातायात का दबाव और अधिक बढ़ जाता है। ऐसे में सड़क पर पैदल चलने वालों, छात्रों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बसें जाते समय तो जाम में धीरे-धीरे चलती हैं, लेकिन लौटते समय अत्यधिक तेज रफ्तार में बस स्टैंड क्षेत्र में प्रवेश करती हैं। कई बसें सड़क पर ही सवारियां उतारती-चढ़ाती हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
कुछ साल पूर्व इसी लापरवाही के चलते एक युवक के सिर पर बस का पहिया चढ़ जाने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बावजूद अब तक बस चालकों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और न ही पुलिस द्वारा गति नियंत्रण या बस स्टैंड क्षेत्र में सख्त निगरानी की जा रही है।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड क्षेत्र को नो-स्पीड ज़ोन घोषित किया जाए, यातायात पुलिस की नियमित तैनाती हो तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले बस चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।



