थाना परिसर में जनप्रतिनिधियों व पत्रकारों की बैठक, यातायात व सुरक्षा पर हुई अहम चर्चा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। उमरियापान थाना परिसर में नवागत थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल के साथ नगर के गणमान्य नागरिकों एवं पत्रकारों की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर की प्रमुख समस्याओं और उनके समाधान को लेकर सकारात्मक व सार्थक चर्चा हुई।
गणमान्य नागरिकों ने नगर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए बताया कि बसों द्वारा बीच सड़क पर खड़े होकर लोडिंग-अनलोडिंग किए जाने से आमजन को जाम की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता है। इस पर पत्रकारों ने सुझाव दिया कि सभी बसों को बस स्टैंड परिसर में ही खड़ा कराया जाए, जिससे जाम की स्थिति में काफी हद तक सुधार संभव है।
थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने बैठक में साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर विस्तार से जानकारी दी और आमजन से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा।
इसके साथ ही क्षेत्र में बढ़ रही चोरियों को ध्यान में रखते हुए नगर के प्रमुख चौराहों झंडा चौक, न्यू बस स्टैंड, आज़ाद चौक, ढीमरखेड़ा रोड, कटनी रोड सहित अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने पर भी चर्चा की गई। न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में हो रही अवैध पार्किंग पर अंकुश लगाने को लेकर भी ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी।
बैठक में नगर के गणमान्य जन मास्टर शिवकुमार चौरसिया, सरपंच अटल ब्यौहार, जनपद सदस्य शैलेंद्र पौराणिक, राजेश ब्यौहार, राजेश चौरसिया, सुखदेव चौरसिया, वंशरूप चौरसिया, बसंत चौरसिया, यतीन्द्र गौतम, स्वतंत्र चौरसिया, नरेश असाटी, सतीश बग्गा चौरसिया, जगमोहन मिश्रा, पप्पू चौरसिया, पारस पटेल, चन्द्रकांत चौरसिया, रविशंकर असाटी, प्रकाश असाटी, प्रदीप चौरसिया, पिक्कू गुप्ता, संदीप सोनी, सिल्लू चौरसिया, अज्जू सोनी, राकेश यादव, राजेन्द्र चौरसिया, अंकित झारिया, सोमनाथ पटेल, जगमोहन चौरसिया, सुशील मिश्रा, पत्रकार सतीश चौरसिया सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नगर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अपराध-मुक्त बनाना रहा, जिस पर सभी ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।



