कलयुगी बेटे ने मां से विवाद किया, फिर गला घोंट कर दी हत्या

बीती रात नौ से 11 बजे के बीच का घटनाक्रम
पेड़ पर ऐसे लटकाया शव कि जमीन पर बैठी स्थिति में मिली महिला
रतलाम । एमपी के रतलाम जिले में शराबी बेटे ने पहले वृद्ध मां से खाने को लेकर विवाद किया और फिर मां की ईंट और लाठी से पिटाई कर घर से चला गया। मां उसके पीछे-पीछे गई तो बेटे ने पेड़ के पास ही लुगड़ी से गला दबाकर हत्या कर शव पेड़ पर टांग दिया। पिता और बहन को भी इसी तरह मार डालने की धमकी देने पर वे रात भर घर में दुबके रहे। सुबह पुलिस को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची।
सरवन टीआई नीलम चौंगड़ ने बताया घटनाक्रम गुरुवार की रात नौ बजे का है। कोठारिया निवासी आरोपी आसाराम पिता माल्या निनामा उम्र 28 साल शराब पीने का आदी होने से आए दिन विवाद करता रहता था। गुरुवार को भी शराब पीकर आया और मां जीवाबाई से उसने खाना मांगा। इसी बात को लेकर मां ने डांटा तो उससे विवाद कर उसकी ईंट और लाठी से पिटाई कर दी। पिता माल्या और बहन ने बीच बचाव किया। इसके बाद वह घर से निकलकर कुछ दूरी पर स्थित पेड़ के पास चला गया। मां की ममता थी कि वह उसे मनाने के लिए उसके पास पहुंची तो निर्दयी बेटे आसाराम ने वहीं पर मां के शरीर पर पहनी लुगड़ी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
बेटे ने मां की हत्या के बाद उसी लुगड़ी से मां के गले में फंदा बनाया और पेड़ की डाली से बांध दिया। डाली झुकने से मां का शव जमीन पर ऐसे हो गया जैसे वह बैठी हो। यह बात पिता और बहन को पता चली तो वे मौके पर पहुंचे। हत्यारे के सिर पर खून सवार था तो उसने पिता और बहन को भी इसी तरह हत्या की धमकी दे डाली तो पिता और बहन सहम कर घर में आ दुबके। रात भर घर में रहे और सुबह पड़ोसी को बताकर पुलिस तक सूचना पहुंचाई। अब आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।



