मध्य प्रदेशराजनीति

उमरियापान मंडल में विकास कार्यों की सौगात, लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बुधवार को क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह का भाजपा मंडल उमरियापान क्षेत्र में आगमन हुआ, जहां विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए ।
कार्यक्रम के दौरान विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे एवं मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत मंगेली के ग्राम बिछिया में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया । ग्रामीणों ने इस भवन के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे गांव में सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन में सुविधा मिलेगी ।
इसके पश्चात ग्राम पंचायत पिपरिया सहलावन में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन संपन्न हुआ । विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है । उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक भवन, सड़क, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास से लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है ।
विधायक ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से गांवों को नई सौगातें दी जाएंगी । उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए ।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का पुष्पमालाओं से स्वागत किया । इस अवसर पर विजय दुबे, सरपंच संजय दाहिया, उपसरपंच विराट पाण्डेय, प्रमोद असाटी, प्रदीप चौरसिया, वैभव चौरसिया, समाजसेवी संतोष दुबे, संदीप सोनी, सीईओ यजुवेंद्र कोरी, उपमंत्री मनीष हल्दकार, रोजगार सहायक सचिव अंकित पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button