ग्राम पंचायत पौनिया में विकास कार्यों का निरीक्षण, सीईओ के.के. पाण्डेय ने दिए निर्देश

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी के.के. पाण्डेय ने ग्राम पंचायत पौनिया पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने सामुदायिक भवन एवं गैबियन स्ट्रक्चर के निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की प्रगति का आकलन करने के लिए मैदानी निरीक्षण किए जा रहे हैं । इसी क्रम में ग्राम पंचायत पौनिया में निर्माण कार्यों की स्थिति का अवलोकन किया गया ।
निरीक्षण के दौरान सीईओ केके पाण्डेय ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और उपयोगिता पर ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि विकास कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूरे किए जाएं तथा उनकी नियमित निगरानी की जाए, ताकि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे ।
मैदानी निरीक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है । अधिकारियों के इस निरीक्षण से निर्माण कार्यों की निगरानी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं ।



