शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में हुआ विशाल पौधारोपण

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में विशाल पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिलाषा चौरसिया ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना है । पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाए रखने का संदेश दिया गया ।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है । पौधे न केवल वातावरण को शुद्ध रखने में सहायक होते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं । इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करने में सहायक होते हैं ।



