किशोरी जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित
सिलवानी। पुलिस थाना सिलवानी द्वारा आज सरस्वती शिशु मंदिर में किशोरी जागरूकता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता थाना प्रभारी पुनम सविता ने की। इस अवसर पर विद्यालय की महिलाओं, छात्राओं एवं छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
थाना प्रभारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किशोरावस्था जीवन का संवेदनशील चरण होता है, जिसमें बच्चों को सही मार्गदर्शन की अत्यंत आवश्यकता होती है। उन्होंने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित आवश्यक उपाय बताए तथा यह भी समझाया कि मोबाइल का गलत उपयोग जीवन पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
थाना प्रभारी ने कहा कि नाबालिग बच्चे-बच्चियाँ किसी के लालच में आकर अपना भविष्य खराब न करें, बल्कि शिक्षा को जीवन का मूल उद्देश्य बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस सदैव नागरिकों की सहयोगी है। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बच्चे अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस से निःसंकोच संपर्क करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस हर संभव सहयोग करेगी और दी गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए, जिन पर थाना प्रभारी ने अमल करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में लगभग 150 प्रतिभागी उपस्थित रहे।



