मध्य प्रदेश

एक दर्जन से अधिक स्थानों पर सजे माता रानी के दरबार, जयकारों से गूंज रहा नगर

रात्रि जागरण, गरबा और भजन संध्या की धूम, मां बीजासन धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
सिलवानी। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर नगर में चारों ओर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। माता रानी की आराधना में श्रद्धालु लीन हैं और पूरा नगर जयकारों से गूंज रहा है। नगर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर माता रानी के भव्य पंडाल सजाए गए हैं, जहां प्रतिदिन भजन-कीर्तन, रात्रि जागरण, गरबा नृत्य और भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।
नवरात्रि के चलते सुबह से लेकर देर रात तक मंदिरों और दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। श्रद्धालु माता रानी के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। जगह-जगह सजे आकर्षक पंडाल और धार्मिक आयोजनों से नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।
*मां बीजासन धाम में उमड़ रहे श्रद्धालु*
नगर स्थित मां बीजासन माता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भक्त माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। नवरात्रि के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी हुई है। वहीं, विभिन्न दुर्गा पंडालों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भी लोगों की उत्साहपूर्वक सहभागिता देखने को मिल रही है।
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने किए दर्शन
नवरात्रि के पावन अवसर पर पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत नगर में स्थापित मां दुर्गा के विभिन्न पंडालों में पहुंचे। उन्होंने माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।
पुलिस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को राहत
नवरात्रि के दौरान नगर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक किसी अप्रिय घटना की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस व्यवस्था के बीच श्रद्धालु मंदिरों और दुर्गा पंडालों में पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन-पूजन कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button