मध्य प्रदेशराजनीति

जनता के बीच पहुंचे विधायक, बस यात्रा कर दिया सादगी और जागरूकता का संदेश

सार्वजनिक बस में यात्रियों से चर्चा करते बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने सार्वजनिक बस में सफर कर सादगी, जनसंपर्क और ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया। आम यात्रियों के बीच बैठकर यात्रा करते हुए विधायक ने लोगों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना । विधायक को अपने बीच पाकर यात्रियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला ।
यात्रा के दौरान विधायक ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन का उपयोग न केवल ईंधन की बचत करता है, बल्कि इससे सड़क पर वाहनों की संख्या कम होने से प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऊर्जा संरक्षण बेहद जरूरी है और प्रत्येक नागरिक को इसके प्रति जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जहां तक संभव हो, निजी वाहनों के बजाय बस एवं अन्य सार्वजनिक साधनों का उपयोग करें। इससे आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा । उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर देशहित में बड़ा योगदान दिया जा सकता है ।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण, ईंधन बचत और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के संसाधनों का सही उपयोग करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
विधायक की इस सादगीपूर्ण पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है । लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों का आम जनता के बीच इस तरह सहज रूप से सफर करना समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है। इससे जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच विश्वास एवं आत्मीयता भी मजबूत होती है।

Related Articles

Back to top button