बड़वारा के तीन शासकीय महाविद्यालयों में पीजी पाठ्यक्रम शुरू कराने विधायक ने उच्च शिक्षा मंत्री को सौंपा मांग पत्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने भोपाल में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से मुलाकात कर ढीमरखेड़ा, सिलौंडी एवं उमरियापान के शासकीय महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की ।
इस दौरान विधायक ने उच्च शिक्षा मंत्री को विस्तृत मांग पत्र सौंपते हुए बताया कि बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के तीनों महाविद्यालयों में प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्नातक की पढ़ाई पूरी करते हैं, लेकिन पीजी कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए कटनी, जबलपुर सहित अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है । आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अनेक विद्यार्थी बाहर जाकर पढ़ाई करने में सक्षम नहीं होते, जिसके कारण कई छात्रों की उच्च शिक्षा बीच में ही रुक जाती है।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा के समान अवसर मिलना चाहिए । यदि ढीमरखेड़ा, सिलौंडी और उमरियापान के शासकीय महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाते हैं तो हजारों छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा । इससे विद्यार्थियों का समय और आर्थिक खर्च दोनों बचेंगे, साथ ही छात्राओं को भी सुरक्षित वातावरण में घर के निकट रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का लाभ मिलेगा ।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने यह भी कहा कि पीजी कक्षाएं शुरू होने से क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा तथा उच्च शिक्षा के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा । इससे भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक आधार मिलेगा । स्थानीय महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई प्रारंभ होने से शिक्षा का वातावरण मजबूत होगा और ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे ।
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने विधायक द्वारा प्रस्तुत मांग पर विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के हित से जुड़े इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ।
विधायक की इस पहल का क्षेत्र के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षाविदों ने स्वागत किया है । यदि शासन स्तर पर शीघ्र स्वीकृति मिलती है तो बड़वारा विधानसभा के हजारों युवाओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के नए आयाम स्थापित होंगे ।



