मध्य प्रदेश

उमरियापान बस स्टैंड निर्माण की मांग को लेकर 26 जुलाई को जन आंदोलन

वर्षों से लंबित मांग को लेकर जनभागीदारी के साथ प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को सौंपेंगे ज्ञापन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। नगर में वर्षों से लंबित बस स्टैंड निर्माण की मांग को लेकर समाजसेवी चन्दकांत चंदू चौरसिया जनभागीदारी के साथ 26 जुलाई दिन रविवार को शाम 4 बजे उमरियापान बस स्टैंड परिसर में एकत्र होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे तथा जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
आंदोलन के संबंध में जिला दण्डाधिकारी कटनी को नायब तहसीलदार, वृत्त उमरियापान के माध्यम से सूचना-पत्र सौंपा गया है । पत्र में प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित कर ज्ञापन प्राप्त करने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है ।
चन्द्रकांत (चंदू भाई) चौरसिया ने बताया कि उमरियापान क्षेत्र में बस स्टैंड निर्माण की मांग कई वर्षों से लगातार उठाई जाती रही है । श्री चौरसिया ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों को अनेक बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक बस स्टैंड निर्माण को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया । इससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों में निराशा और आक्रोश है ।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बस स्टैंड की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों को सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है । बारिश, तेज धूप और अन्य प्रतिकूल मौसम में यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है । सबसे अधिक कठिनाई छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को होती है । यात्रियों के बैठने, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव बना हुआ है ।
चन्द्रकांत चौरसिया का कहना है कि उमरियापान क्षेत्र व्यापारिक एवं आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण अंचलों से लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आते हैं । इसके बावजूद अब तक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित बस स्टैंड का निर्माण नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्र के विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
आंदोलन के दौरान बस स्टैंड निर्माण के साथ-साथ क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं को भी प्रशासन के समक्ष ज्ञापन के माध्यम से इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की जाएगी ताकि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें ।
चन्द्रकांत चौरसिया ने नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों, युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनो से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर क्षेत्र के विकास की इस महत्वपूर्ण मांग को मजबूती प्रदान करें । उनका कहना है कि यह किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के जनहित और विकास का आंदोलन है ।
वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस बार उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए बस स्टैंड निर्माण की दिशा में ठोस पहल करेगा ।

Related Articles

Back to top button