जिले में एक लाख से अधिक बच्चों को लगेगी वैक्सीन, 15 वर्ष से 18 वर्ष के बीच के किशोर-किशोरियों को भी वैक्सीन की डोज लगाने की तारीख 3 जनवरी
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 वर्ष से 18 वर्ष के बीच के किशोर-किशोरियों को भी वैक्सीन की डोज लगाने की तारीख आगामी 3 जनवरी 2022 निर्धारित कर दी है। इससे इस उम्र के दायरे में आने वालों के बीच भी उत्साह का वातावरण हैं। जिले में इस उम्र की सीमा में लगभग डेढ़ लाख जनसंख्या है। इधर लगभग 13 हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मी व फ्रंटलाइन वर्कर को भी बूस्टर डोज लगाई जाएगी। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों की सूची भी अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार की जाएगी।
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच उपलब्ध संसाधनों के साथ लड़ने की तैयारी कर रहे स्वास्थ्य विभाग में भी प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद उत्साह की लहर है। कोरोना से लड़ने में अभी तक टीका सबसे कारगर उपाय के रुप में सामने आया है। और अभी तक जिले में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। अब प्रधानमंत्री ने 3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष के बीच किशोर-किशोरियों के लिए भी टीकाकरण कार्यक्रम प्रारंभ करने की घोषणा की है। जिले में इस आयु वर्ग के लगभग एक से डेढ़ लाख लोगों को फायदा मिलेगा। और यह भी कोरोना के सुरक्षा चक्र में आ जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कोरोना से सबसे आगे खड़े रहकर लड़ रहे स्वास्थ्यकर्मियों व फ्रंटलाइन वर्कर को भी बूस्टर डोज लगाने की बात कही हैं। इसका लाभ 13 हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों व फ्रंटलाइन वर्कर को मिलेगा। जो अधिकांश समय मैदान में रहकर कोरोना से लड़ते रहे। गंभीर बीमारी वाले बुजुर्गों को भी बूस्टर डोज मिलेगा
टीकाकरण को लेकर भी जिला भी जल्द ही 100 प्रतिशत का लक्ष्य हासिल कर सकता है। जिले में अभी लक्षित जनसंख्या को दोनों डोज लगाने में महज 8231 लोग ही बचे हैं। पहली व दूसरी डोज के बीच इस अंतर के पूरा होते ही जिले में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को दोनों डोज लग चुकी होगी। हालांकि अभी एक दिन में लगभग एक हजार से भी कम लोग ही केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। दोनों डोज लगने के बाद सभी लोग सुरक्षा घेरे में आ जाएंगे। पर भीड़ भरी जगहों पर जाने में मास्क का उपयोग भी करना होगा और दो गज की दूरी का पालन भी करना होगा। जिले में कलेक्टर अरविंद दुबे और एसपी विकाश कुमार शाहवाल दोनों ही सड़कों पर उतरने के साथ ही गांव की गलियों में पहुंचकर भी लोगों को मास्क लगाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। इसके अलावा लोगों को कोरोना की भयावहता के बारे में बता रहे हैं।
इस संबंध में डॉ दिनेश खत्री सीएमएचओ का कहना है कि जिले में अभी 15 से 18 वर्ष तक की उम्र वालों के लिए 3 जनवरी से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान को लेकर निर्देशों को इंतजार है। गंभीर बीमारी वाले बुजुर्गों की सूची बनाकर उनकों बूस्टर डोज लगवाएंगे। फ्रंटलाइन वर्कर और स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या लगभग 13 हजार के आस-पास है।