सार्वजनिक गणेश उत्सव पर फैसला नहीं, मूर्तिकारों में असमंजस तहसील में 100 से अधिक स्थानों पर स्थापित की जाती है भगवान गणेश की प्रतिमाएं
सिलवानी। गणेशोत्सव को 13 दिन ही बचे है। 10 सितंबर से गणेश उत्सव शुरू होना है। लेकिन अब तक प्रतिमाओं की उंचाई और सार्वजनिक गणेश प्रतिमा स्थापना को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। हालांकि ज्यादातर मूर्तिकारों ने पिछले साल की सख्ती को देखते हुए बड़ी प्रतिमाएं नहीं बनाई हैं। छोटी प्रतिमाएं बनाना शुरू की हैं। इनकी संख्या भी कम है। सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति सदस्यों को प्रशासन की ओर से प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति के इंतजार में हैं। गणेशोत्सव में तहसील में 100 से अधिक स्थानों पर सार्वजनिक समितियां भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित करती हैं। इसके अलावा घरों में भी भगवान गणेश का पूजन होता है। 10 दिवसीय गणेश उत्सव के लिए एक माह पहले से तैयारियां शुरू हो जाती हैं। लेकिन इस बार अब तक स्पष्ट नहीं है कि प्रतिमाएं स्थापित होगी या नहीं। इसके पीछे कारण है कि पिछले साल कोरोना संक्रमण के कारण सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं की उंचाई भी चार फीट निर्धारित कर दी थी। धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर रोक थी। प्रशासन की सख्ती के कारण कलाकार भी बड़ी प्रतिमाएं नहीं बना रहे हैं। इधर, गणेश उत्सव समिति के सदस्यों को गाइड लाइन का इंतजार है।