मध्य प्रदेश

खुले में मटन विक्रय पर सवाल, मुख्यमंत्री के आदेशों की उड़ रही धज्जियां

रिपोर्टर : कमलेश अवधिया
साईंखेड़ा । नगर में व्यवस्थित मटन मार्केट उपलब्ध होने के बावजूद वार्ड क्रमांक 10 स्थित मवेशी बाजार क्षेत्र में सब्जी बाजार के साथ-साथ खुली सड़क पर मटन विक्रय लगातार जारी है। यह स्थिति न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आमजन और स्कूली बच्चों के लिए भी गंभीर समस्या बनती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार जिस स्थान पर खुले में मांस काटकर बेचा जा रहा है, उसी क्षेत्र में स्कूल भी संचालित होता है। छोटी-छोटी कक्षाओं के छात्र-छात्राएं मटन मार्केट से फैलने वाली दुर्गंध और खुले में मांस काटने के दृश्य देखकर मानसिक रूप से व्यथित हो रहे हैं। इसके साथ ही सड़क पर मटन विक्रय होने से आवागमन भी बाधित होता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बताया गया कि नगर परिषद द्वारा पहले से ही मटन विक्रय के लिए पृथक और व्यवस्थित मार्केट का निर्माण किया गया है। इसके बावजूद कुछ दुकानदार नियमों को दरकिनार कर खुले में मटन-मुर्गा विक्रय कर रहे हैं। इस संबंध में नागरिकों द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कई बार लिखित आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि नगरीय क्षेत्रों में खुले में मटन एवं मुर्गा की दुकानें संचालित नहीं होंगी। मांस विक्रय केवल नगर निकाय द्वारा निर्धारित एवं स्वीकृत स्थानों पर ही किया जाएगा, ताकि स्वच्छता बनी रहे और आमजन, विशेषकर बच्चों को असुविधा न हो। मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद साईं खेड़ा में खुले में मटन विक्रय जारी रहना प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल खड़े करता है।
नगरवासियों ने मांग की है कि मुख्यमंत्री के आदेशों का सख्ती से पालन कराते हुए खुले में संचालित मटन दुकानों को तत्काल बंद कराया जाए और उन्हें नगर परिषद द्वारा बनाए गए निर्धारित मटन मार्केट में स्थानांतरित किया जाए, ताकि स्वच्छता, यातायात और बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button