मध्य प्रदेशराजनीति

भाजपा की मासिक कामकाजी बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा

डिजिटल अभियान तेज करने के निर्देश
रायसेन। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में रविवार को भाजपा की नियमित मासिक कामकाजी बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह, राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल एवं विधायक सुरेंद्र पटवा का पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया। जिला महामंत्री केशव पटेल ने जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा का स्वागत किया।
जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व में संपन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए 20 जुलाई तक डिजिटल अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
विधायक सुरेंद्र पटवा ने कहा कि संगठन की नियमित समीक्षा से कार्यप्रणाली मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि संगठन में दायित्व निभाने वाले प्रत्येक पदाधिकारी को सक्रियता के साथ कार्य करना चाहिए। जो पदाधिकारी अपेक्षित जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करते, संगठन समय-समय पर उनमें परिवर्तन भी करता है।
राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का सम्मान किया जाता है। उन्होंने हाल ही में घोषित उपचुनाव प्रत्याशियों का उदाहरण देते हुए कहा कि पार्टी ने सामान्य कार्यकर्ताओं को भी उम्मीदवार बनाकर यह संदेश दिया है कि भाजपा में कार्य के आधार पर अवसर दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन सर्वोपरि है और पार्टी जिस कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपती है, उसके साथ सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए।
पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि भाजपा योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क, बिजली, पानी और किसानों के कल्याण से जुड़े अनेक कार्यों का लाभ आमजन तक पहुंचा है, जिससे जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार मजबूत हुआ है।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष राकेश तोमर ने किया तथा आभार जिला महामंत्री केशव पटेल ने व्यक्त किया।
बैठक में राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह, विधायक सुरेंद्र पटवा, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, जिला महामंत्री केशव पटेल, जितेंद्र पाल, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, कार्यालय मंत्री जीतू ठाकुर सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मंडल प्रभारी, सह-प्रभारी एवं पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button