मध्य प्रदेश

एसडीएम ने ग्राम पंचायत सचिवों एवं जीआरएस की बैठक लेकर विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज ।अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रियंका भलावी द्वारा जनपद पंचायत सभाकक्ष में सभी ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों (जीआरएस) की बैठक
में निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत कार्यालय प्रतिदिन निर्धारित समय पर खोला जाए तथा अधिकारी-कर्मचारी नियमित रूप से उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।
इसके उपरांत नवीन वीबीजी रामजी योजना के संबंध में सभी सचिवों एवं जीआरएस को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान करते हुए योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए ।
एसडीएम प्रियंका भलावी ने ग्राम पंचायतों में संचालित निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने, प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा स्वच्छता गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने वर्षाकाल के दौरान ग्राम पंचायतों का नियमित भ्रमण कर जलभराव, साफ- सफाई, पेयजल व्यवस्था, नालियों की स्थिति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण करने तथा किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विकासखंड पंचायत अधिकारी लक्ष्मीनारायण रजक सहित जनपद पंचायत के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button