बड़वारा ढीमरखेड़ा क्षेत्र में जल्द बनेंगे स्पीड ब्रेकर, दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । कटनी जिले के बड़वारा एवं ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र के नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव और लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने आवश्यक स्थानों पर गति अवरोधक ( स्पीड ब्रेकर ) निर्माण के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी को पत्र प्रेषित किया है ।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि बड़वारा और ढीमरखेड़ा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से प्रतिदिन विद्यालय जाने वाले छात्र छात्राएं, ग्रामीणजन एवं आम नागरिकों का आवागमन होता है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है । जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग लंबे समय से स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा की जा रही थी ।
प्रस्तावित स्थानों में शासकीय महाविद्यालय बड़वारा, आंगनबाड़ी उमंगनगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सहकारी बैंक, शारदा मॉडल स्कूल, पीएमश्री स्कूल, मिशन चौक से हीरालाल दुबे के निवास तक, वहीं ढीमरखेड़ा क्षेत्र में इंडियन बैंक खमतरा, पीपल (विद्यालय) और वन नाका खमतरा जैसे संवेदनशील स्थान शामिल हैं ।
विधायक द्वारा किए गए इस प्रयास से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही स्पीड ब्रेकर निर्माण से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और बच्चों, मरीजों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।



