मध्य प्रदेश

दमोह से भागी 4 छात्रा मुंबई में मिली, इनमें दो सगी बहनें, पिता से फोन पर कहा था- शादी नहीं करना, पढ़ना है

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । जिले दमोह के कमला नेहरू गर्ल्स कॉलेज की 4 छात्राएं लापता हो गईं। इनमें दो सगी बहनें हैं। सोमवार को वे घर से कॉलेज जाने का कहकर निकली थीं। पुलिस ने देर रात गुमशुदगी दर्ज कर कॉलेज के सीसीटीवी चेक किए, लेकिन छात्राएं कहीं नजर नहीं आईं। एक छात्रा ने मंगलवार को अपने पिता से फोन पर कहा, अभी शादी नहीं करना है। आगे की पढ़ाई के लिए जा रही हूं।
दमोह कोतवाली टीआई आनंद सिंह के अनुसार किरण पिता धनीराम पटेल उम्र 18 साल निवासी बीजौरी, किरण पिता भगवत पाल उम्र 18 साल सीतानगर के साथ पिंकी उम्र 19 साल और सुनीता उम्र 18 साल पिता लट्टू अहिरवार लापता हुई हैं। चारों फर्स्ट ईयर में थीं। ये गांव से बस से कॉलेज आना-जाना करती थीं।
सोमवार रात तक उनकी लोकेशन दमोह ही आ रही थी। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत सभी मुख्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। सीएसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि छात्राओं की लोकेशन मुंबई के दादर स्टेशन पर मिली है। जिसके बाद मुंबई जीआरपी की मदद से छात्राओं को पकड़ लिया गया है। दमोह पुलिस की एक टीम परिजनों के साथ वहां के लिए रवाना हो गई है।
5 दिन पहले कहा था- भोपाल जाकर पढ़ना चाहती हूं
सीता नगर से गायब दो सगी बहनें सुनीता और पिंकी के पिता लट्टू अहिरवार ने बताया कि 5 दिन पहले बेटी ने कहा था पापा मुझे पढ़ने बाहर जाना है। मैंने पूछा- कहां जाना है, तो उसने कहा था- भोपाल। मैंने कहा था कि यहीं रहकर पढ़ो। कहीं बाहर नहीं जाना है। दूसरी बच्चियों ने भी अपने से पिता यही कहा था कि उन्हें पढ़ने भोपाल जाना है। मेरी बेटी के फोन से दूसरी छात्रा पूजा ने अपने पिता से बात की है। उसने कहा- पापा हम बहुत दूर निकल आए हैं, हमें मत खोजना। आगे की पढ़ाई करने के लिए जा रही हैं। बेटी ने जॉब के साथ-साथ पढ़ाई करने की बात कही सीता नगर की रहने वाली पूजा ने मंगलवार सुबह अपने पिता को वाट्सएप कॉल किया था। पूजा के पिता धनीराम पटेल ने बताया कि चारों छात्राएं 8वीं क्लास से साथ में पढ़ रही हैं। सुबह बेटी का कॉल आया था। उसने कहा- पापा आप परेशान मत होइए। अभी घर जाइए, मैं आगे की पढ़ाई के लिए बाहर निकल गई हूं। मैं भागकर नहीं गई हूं। उनसे कहा- हम चारों का मन है कि जब हमने इतनी पढ़ाई की है तो कुछ अच्छा करें। इसके लिए हमें और आगे पढ़ना होगा। हम नौकरी के साथ-साथ पढ़ाई करेंगे। मैंने उसे कहा- बेटा तुम वापस आ जाओ। यहां तो हम तो तुम्हें पढ़ा ही रहे हैं। तुम चारों का हम जहां कहोगे, एडमिशन करवा देंगे। तुम ऐसे भागकर क्यों चली गईं। वापस आ जाओ। धनीराम ने बताया कि पूजा ने कुछ मैसेज भी भेजे हैं। उसने कहा कि वह अभी शादी नहीं करना चाहती। उसे आगे और पढ़ाई करनी है, इसी कारण वह घर से चली गई है। उसने यह भी कहा है कि पढ़ाई के लिए जब भी परिवार की मदद लगेगी, वह संपर्क करेगी। उन्होंने कहा- बेटी बहुत ही सीधी और होशियार हैं। मैं तो अनपढ़ हूं, बेटी अच्छा पढ़े, इसलिए उसे पढ़ा रहा था। धनीराम पटेल ने बताया कि जब बेटी से बात हो रही थी, तब ट्रेन का हॉर्न सुनाई दे रहा था। चाय और मूंगफली वाले की आवाज गूंज रही थी। ऐसा लग रहा था कि या तो बेटियां ट्रेन में थीं या फिर रेलवे स्टेशन पर। तीन घंटे कॉलेज के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गर्ल्स कॉलेज के प्रिंसिपल पीएल जैन ने बताया कि बीए फर्स्ट ईयर के एग्जाम हो चुके हैं, इसलिए अभी कॉलेज आने का कोई मतलब नहीं निकलता। रात में पुलिस ने संपर्क किया था। उन्होंने कॉलेज के कैमरे चेक करने को कहा। मैं रात 11 बजे कॉलेज पहुंचा। 2 बजे तक पुलिस और परिजन ने कैमरे के फुटेज देखे। वे फुटेज में नजर नहीं आईं। छात्राएं किताबें जमा करने का कहकर निकली थीं, लेकिन यह सब प्रक्रिया तो एग्जाम के साथ ही पूरी कर ली जाती है। छात्राओं के वापस आने पर होगी पूछताछ दमोह एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया अभी तक की जानकारी में यह पता चला है कि एक छात्रा के परिजन उसकी शादी करना चाहते थे। वह शादी नहीं करना चाहती थी। इसलिए अपनी सहेलियों के साथ यहां से भाग गई थी। लव एंगल जैसा कोई भी मामला अभी तक स्पष्ट सामने नहीं आया है। छात्राओं के वापस आने के बाद पूछताछ की जाएगी।

Related Articles

Back to top button