मूल्यांकन के लिए आई नेशनल टीम: डिलीवरी करवाने वाली महिला को फोन लगाकर पूछा दवाइयां खरीदना तो नहीं पड़ी
आपके साथ किसी ने दुर्व्यवहार तो नहीं किया
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। शासकीय जिला अस्पताल में आई टीम ने रजिस्टर से नंबर निकालकर महिला से बातचीत की।
लक्ष्य असेसमेंट के लिए स्वास्थ्य विभाग की नेशनल टीम जिला अस्पताल में व्यवस्थाएं देखने के लिए पहुंची। हालांकि इस टीम के आने की जानकारी जिला अस्पताल प्रबंधन को पहले से ही थी। इसलिए जिला अस्पताल के प्रसव कक्ष, मेटरनिटी सेंटर, आपरेशन थियेटर को साफ सफाई कर उसे चकाचक कर दिया गया था। इस टीम में शामिल डॉ. निरंजन रेड्डी आंधप्रदेश और डॉ. प्रतीक्षा चौधरी मुंबई सुबह से लेकर शाम तक हर स्तर पर जांच करते हुए दिखाई दी। इतना ही नहीं उन्होंने 5 माह पहले जिला अस्पताल में डिलीवरी करवाने वाली महिलाओं को रजिस्टर में लिखे मोबाइल नंबर लगाकर उनसे बातचीत भी की। 12 नवंबर 2021 को राधाबाई नामक महिला की डिलीवरी जिला अस्पताल में हुई थी। उस महिला को मोबाइल लगाकर पूछा कि डिलेवरी के लिए जब वह अस्पताल में भर्ती हुई थी, तब उससे डाक्टरों द्वारा बाहर से दवाइयां तो नहीं मंगवाई। कोई परेशानी तो नहीं हुई। किसी ने आपके साथ बदसलूकी की । ऐसे सवाल टीम के सदस्यों ने डिलीवरी करवाने वाली तीन महिलाओं से किए।



