बिजली नहीं होने से परेशान किसान: किसानों ने बिजली कर्मियों को 3 घंटे कमरों में बंद रखा
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। देवनगर क्षेत्र की बिजली पांच दिन से बंद पड़ी है। जिसकी सूचना किसानों द्वारा लगातार बिजली कंपनी के अधिकारियों को दी जा रही थी । जब इस समस्या का कोई निदान नहीं हुआ तो नाराज किसान पहले देवनगर थाना पहुंचे और बिजली कंपनी के अधिकारियों पर ही एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायती पत्र सौंपा। साथ ही बिजली कंपनी कार्यालय में तालाबंदी करने की जानकारी दी गई। इसके बाद किसान एकत्रित होकर बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचे और ताले डालकर अधिकारी और कर्मचारियों को अंदर बंद कर दिया। जब यह जानकारी बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को लगी तो वे तत्काल मौके पर पहुंचे। इस मौके पर किसानों ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि किसानों द्वारा अपने बिजली कनेक्शन एवं घरेलू कनेक्शन की राशि जमा है। उन किसानों को भी लाइट नहीं दी जा रही है। बिजली बंद करने से 24 घंटे पहले सूचना दी जाती है, जबकि विद्युत मंडल द्वारा ऐसा नहीं किया गया। जिन उपभोक्ताओं की बकाया राशि है उनके ही कनेक्शन काटे जावे।
बिजली कंपनी के जिला प्रबंधक एससी गुप्ता के कहने पर किसानों ने विद्युत मंडल कार्यालय के ताले खोले। इस मौके पर भारतीय किसान संघ जिला मंत्री मिट्ठू लाल मीणा, जिला सदस्य चरण सिंह धाकड़, ब्लॉक अध्यक्ष मिश्रीलाल मीणा, धन सिंह धाकड़, धनीराम धाकड़, सूरत सिंह धाकड़, पवन कुशवाहा, वीर सेन, अमन सक्सैना, सुनील सक्सेना सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



