जन चौपाल लगाकर सिलौड़ी पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव के दिए सुझाव

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में संचालित साइबर जागरूकता अभियान के तहत सिलौंडी पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जन चौपाल का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन अपराधों की जानकारी देकर उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद के मार्गदर्शन तथा ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी के निर्देशन में चौकी प्रभारी अनिल पांडे के नेतृत्व में सिलौंडी बस स्टैंड परिसर में जन चौपाल आयोजित की गई । कार्यक्रम में ग्रामीणों, व्यापारियों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं राहगीरों ने भाग लिया ।
जन चौपाल के दौरान पुलिस ने उपस्थित लोगों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर कॉल करना, केवाईसी अपडेट, बैंक खाता बंद होने, बिजली बिल, लॉटरी, निवेश, नौकरी एवं सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर ठगी कर रहे हैं । ऐसे मामलों में घबराने के बजाय पूरी सतर्कता बरतना आवश्यक है ।
पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल पर प्राप्त संदिग्ध एप डाउनलोड न करें तथा किसी भी परिस्थिति में अपना बैंक खाता नंबर, एटीएम कार्ड विवरण, सीवीवी, ओटीपी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर आने वाले आकर्षक ऑफर, फर्जी निवेश योजनाओं और अधिक मुनाफे का लालच देने वाले संदेशों से भी दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए तथा लोगों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के उपाय बताए। उपस्थित नागरिकों ने भी साइबर अपराधों से संबंधित अपने अनुभव साझा किए और पुलिस की इस पहल की सराहना की ।
जन चौपाल में प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, रामसेवक विश्वकर्मा, चौकी सिलौंडी का पुलिस स्टाफ तथा बड़ी संख्या में युवा एवं आमजन उपस्थित रहे ।



