पांच रुपए दुकानदार ने उधार नहीं किए तो दुकान, झोपड़ी में लगा दी आग
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
देवरी । रायसेन जिले की अंतिम सीमा पर स्थित ग्राम कटक में एक युवक ने पांच रुपए का उधार ना देने पर किराने की दुकान में दिनदहाड़े आग लगा दी। आग से दुकान का सामान और कच्चा मकान जलकर खाक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कटक में रहने वाली राधाबाई किरार अपने अपंग पति और दो छोटे बच्चों के साथ झोपड़ी बनाकर रहती है। इसी झोपड़ी में किराना चाय की दुकान लगाकर वह अपनी जीविका चला रही है। राधाबाई ने बताया कि गुरुवार दोपहर गांव में रहने वाला रामसिंह आदिवासी ने सामान खरीदकर पांच रुपए उधार करने के लिए कहा। जब उन्होंने कहा कि पहले के रुपए चुकाओ और सामान ले जाओ तो इस बात को लेकर रामसिंह आदिवासी नाराज हो गया। फिर वह अपने घर पहुंचा और वहां से आकर उसने झोपड़ी में आग लगा दी। जिससे झोपड़ी और दुकान में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया।
झोपड़ी के समीप ही मोबाइल की दुकान भी थी, आग की चपेट में आने से उसमें भी लगभग 15 हजार रुपए का सामान जलकर राख हो गया। दुकान मालिक ने इस सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। इसके बाद पुलिस आरोपी को पकडने के लिए उसके घर पहुंची, लेकिन वह नहीं मिला।



