मध्य प्रदेश

रीवा सड़क हादसे में जैन आर्यिकाओं के समाधि मरण पर कछार गांव बड़ा में निकली मौन रैली

सिलौंडी में नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, संतों की सुरक्षा की उठाई मांग
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । रीवा में सड़क दुर्घटना में दो जैन आर्यिकाओं के हुए समाधि मरण के विरोध एवं श्रद्धांजलि स्वरूप सोमवार प्रातः कछार गांव बड़ा एवं सिलौंडी में सकल जैन समाज के तत्वावधान में मौन रैली निकाली गई । रैली बस स्टैंड से प्रारंभ होकर उपतहसील कार्यालय सिलौंडी पहुंची, जहां समाजजनों ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की ।
मौन रैली में बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं, युवा एवं विभिन्न संगठनों के सदस्य शामिल हुए । श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जैन संतों एवं आर्यिकाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की ।
दिगंबर जैन समाज सिलौंडी एवं कछार गांव बड़ा के वरिष्ठ सदस्य कैलाश चंद्र जैन एवं कुमार जैन ने बताया कि मौन रैली का उद्देश्य समाज की एकजुटता, जागरूकता और श्रद्धा केंद्रों की सुरक्षा के प्रति गंभीर संदेश देना है । उन्होंने मांग की कि भविष्य में जैन संतों एवं आर्यिकाओं के साथ इस प्रकार की दुर्घटनाएं दोबारा न हों तथा उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं ।
रैली के समापन पर समाजजनों ने दिवंगत आर्यिकाओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं ।

Related Articles

Back to top button