नेगाई में खसरा नंबर 166 पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र के नेगाई गांव में खसरा नंबर 166 की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामवासियों ने नायब तहसीलदार एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उक्त भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग की है।
शिकायत पत्र में उल्लेख है कि खसरा नंबर 166 की भूमि साहू परिवार की है, जिसे सामाजिक कार्यों के लिए उपयोग में लाया जाता रहा है। इस स्थान पर सामाजिक भोज, भागवत कथा और अन्य सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कैयम मुसलमान द्वारा इस भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है, जिससे गांव के लोगों को सामाजिक गतिविधियों के आयोजन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के लोगों ने बताया कि संबंधित व्यक्ति के पास गांव में स्वयं का घर और जमीन मौजूद है, इसके बावजूद वह सामाजिक उपयोग की भूमि पर कब्जा कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह भूमि भूमिहीन परिवारों के लिए भी चिन्हित की गई थी, इसलिए इसका सार्वजनिक उपयोग प्रभावित हो रहा है ।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल अवैध कब्जा हटाया जाए, ताकि सामाजिक कार्यों के लिए भूमि पुनः उपलब्ध हो सके।



