मध्य प्रदेश

तुलसीपार 18 माह से अंधकार में, कलेक्टर के निर्देश के बाद भी नहीं हुई बिजली चालू

विद्यार्थियों ने खोला मोर्चा दिया ज्ञापन
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । निकटवर्ती ग्राम तुलसीपार में बिजली बिल बकाया होने के कारण विभाग द्वारा डीपी उतारे जाने के बाद से गांव अंधकार में है।
गत दिनों ग्राम तुलसीपार में समस्या समाधान शिविर में पहुंचे कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा को जब स्टूडेंट्स एवं ग्रामवासियों द्वारा 18 माह से बिजली बंद होने की शिकायत की गई थी तो कलेक्टर ने एसडीएम सौरभ मिश्रा को बिजली अधिकारी से तत्काल डीपी रखवाकर बिजली चालू किए जाने के निर्देश दिए थे लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी हठधर्मी बिजली अधिकारी ने डीपी नहीं रखी जिससे आज भी अंधकार छाया हुआ है।
बिजली बंद होने के बाद बकायादार बिजली उपभोक्ताओं द्वारा अपने-अपने बिजली बिल जमा किए जाने के बाद भी बिजली विभाग के द्वारा अभी तक डीपी नहीं रखे जाने से पिछले 18 माह से तुलसीपार अंधकार में है।
जिसके कारण गांव के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।
आज विद्यार्थियों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने अपने अभिभावकों के साथ बेगमगंज आकर एसडीएम को एक ज्ञापन देकर मांग की है कि जब बिजली विभाग का बकाया जमा हो गया तो गांव से उतरी गई डीपी बिजली विभाग द्वारा अभी तक नहीं रखी गई है ।जिसके कारण बिजली नहीं होने से उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ अन्य कार्यों में भी परेशानी उठाना पड़ रही है। गांव के लोग आटा पिसाई के लिए दूसरे गांव में जाते हैं। इसके आधार अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था भी ठप्प हो गई है । गांव की करीब 2000 आबादी अंधकार में डूबी हुई है। क्षेत्र के लोगों द्वारा बिजली विभाग के अधिकारियों से बार-बार डीपी रखे जाने की गुहार की जा रही है लेकिन उनके द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
जिसके कारण बिजली विभाग एवं सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आज सभी ने एकत्रित होकर एसडीएम को एक ज्ञापन देकर तत्काल डीपी रखवाकर बिजली सप्लाई किए जाने की मांग की है।
मांग पूरी नहीं होने की दशा में उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button