दो सड़क दुर्घटना : दो की मौत, एक घायल

रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
उदयपुरा । रायसेन जिले के उदयपुरा में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में शुक्रवार की रात लगभग 8.30 से 9 के बीच एक किशोर सहित एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक किशोर को मामूली चोटें आई है।
थाना उपनिरीक्षक रामसिंह ठाकुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार दो अलग अलग मोटर सायकिल सवारों की दुर्घटनाओ में मौत हो गई। पहली घटना नगर से लगभग 3 किमी गाडरवारा मार्ग पर स्थित खांड नदी के पुल के पास हुई। दो किशोर राहुल राजपूत और सरवन राजपूत अपनी मोटर सायकिल से अपने घर बोरास जा रहे थे। तभी रास्ते में एक ट्रॉली पहले से पलटी पड़ी थी, उसे क्रॉस करते ही एक और गन्ने लेकर जा ट्रैक्टर ट्रॉली से राहुल की मोटरसाइकिल सीधी जा टकराई। जिसमे चालक राहुल राजपूत पिता नर्मदा राजपूत उम्र 20 साल निवासी बोरास की घटना स्थल पर मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे सरवन को मामूली चोटें आई। जिसे प्राथमिक उपचार के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुरा लाया गया।
जबकि दूसरी दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 45 पर खिरिया टोल प्लाजा के पास हुई, जिसमें एक ट्रक क्रमांक UP 66 T 9677 भोपाल की तरफ जा रहा था तभी वह बजन करने कांटे पर चढ़ ही रहा था कि पीछे से अपनी मोटरसाइकिल से आ रहे शिक्षक कृष्णकांत रघुवंशी उम्र 55 वर्ष उस ट्रक से टकरा गए। और गिरकर ट्रक के पहिये के नीचे आ गए, दबने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शिक्षक कृष्णकांत रघुवंशी निवासी ग्राम छींद कोलुआ थाना सिलवानी अपने घर से बरेली एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस द्वारा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उदयपुरा पहुंचाया गया साथ ही दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है।



