मध्य प्रदेश

सार्वजनिक ट्रांसफार्मर पर कब्जे का आरोप, ग्रामीण ने की कार्रवाई की मांग

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
बटियागढ़। ग्राम सेमरा रामनगर में सार्वजनिक उपयोग के लिए स्थापित ट्रांसफार्मर पर कथित अवैध कब्जे और बिजली आपूर्ति में अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण रूपेन्द्र सिंह के अनुसार अहिरवार बस्ती के लिए शासन की योजना के तहत वर्ष 2007 के आसपास एक ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया था। आरोप है कि पड़ोसी ग्राम सगरोन के एक व्यक्ति द्वारा उक्त ट्रांसफार्मर पर कब्जा कर लिया गया है, जिसके कारण मूल उद्देश्य के अनुरूप गांववासियों को लाभ नहीं मिल पा रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि ट्रांसफार्मर से नंगे तारों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे बिजली चोरी की आशंका बनी रहती है और खराब मौसम में दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर सुरक्षित केबल के जरिए विद्युत आपूर्ति की जाती है, इसलिए यहां भी केबल लाइन बिछाई जानी चाहिए।
रूपेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि उक्त घरेलू विद्युत लाइन से कई सिंचाई पंप संचालित किए जा रहे हैं, जबकि नियमानुसार सिंचाई पंपों के लिए अलग विद्युत कनेक्शन और लाइन व्यवस्था होना चाहिए। उनका कहना है कि घरेलू लाइन पर अतिरिक्त भार पड़ने से बिजली व्यवस्था प्रभावित होती है और उपभोक्ताओं को कटौती का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण ने विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता संदीप पटेल को आवेदन देकर ट्रांसफार्मर से कथित अवैध कब्जा हटाने, सेमरा रामनगर में केबल के माध्यम से सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा यदि सिंचाई पंपों के कनेक्शन जुड़े हैं तो उन्हें नियमानुसार पृथक पंप लाइन से जोड़ने की मांग की है।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सुचारु एवं सुरक्षित विद्युत व्यवस्था बहाल हो सके।

Related Articles

Back to top button