गुटौरी में दो दिवसीय रामसत्ता कार्यक्रम सम्पन्न, ग्रामीणों ने गांव की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की

सिलवानी। आदिवासी अंचल के ग्राम पंचायत गुटौरी (चैनपुर) के हनुमान मंदिर में गुरुवार से प्रारंभ हुआ दो दिवसीय रामसत्ता कार्यक्रम शुक्रवार दोपहर सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्राम की महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर गांव की उन्नति, शांति और खुशहाली की मनोकामना की।
ग्रामीणों ने बताया कि रामसत्ता आयोजन पिछले 100 वर्षों से पूर्णिमा पर परंपरागत रूप से किया जाता है। मान्यता है कि भगवान राम ने वनवास के दौरान 14 वर्ष आदिवासी समाज के बीच रहकर उनकी सेवा को स्वीकार किया था। इसी आस्था के भाव से अखंड रामधुनी के माध्यम से ग्रामवासी अपने पूर्वजों और भगवान राम के प्रति श्रद्धा अर्पित करते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू ठाकुर ने कहा कि पूर्णिमा पर सामूहिक रामनाम जपने से पितरों को तर्पण के साथ ही जीवन भी धन्य होता है।
इस अवसर पर उप सरपंच सुखदेव सिंह, राजू मस्कोले, देवेंद्र सिंह, नेतराम मेंबर, बबलू सिंह, रविन्द्र पंडा, कालूराम, रमेश पंडा, गिलान सिंह, मंशाराम पटेल, गंगाराम सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व ग्रामीण उपस्थित रहे।



