क्राइम

जमीनी विवाद में सगे भाइयों के परिवारों में हिंसक झड़प, दो गंभीर घायल

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान थाना क्षेत्र के ग्राम इटवां में पारिवारिक एवं जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया । सगे भाइयों के परिवार आपस में भिड़ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले । घटना में एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
प्रथम पक्ष के विनोद नाहर (50 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे उनके सगे भाई प्रमोद नाहर, प्रकाश नाहर एवं प्रदीप नाहर ने मिलकर उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की । इस हमले में उनकी पत्नी सरिता नाहर (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं ।
वहीं दूसरे पक्ष से प्रमोद कुमार नाहर (36 वर्ष) ने काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि विनोद नाहर और सरिता नाहर ने उनके पक्ष पर हमला किया । इस दौरान प्रकाश कुमार नाहर (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन पर किसी भारी अथवा धारदार वस्तु से हमला किए जाने की बात सामने आई है ।
उमरियापान पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं, जिसमें धारा 118(1) गंभीर चोट पहुंचाने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं, के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है ।

Related Articles

Back to top button