क्राइम

ग्राहक बनकर आईं महिलाओं ने चोरी किया ₹40 लाख का सोना

गैरतगंज में चार महिलाओं ने दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात को दिया अंजाम
रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज । गैरतगंज नगर के वार्ड क्रमांक 8 में शनिवार को हाट बाजार की भीड़ के बीच एक ज्वेलरी दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। शातिर महिलाओं के गिरोह ने रानू ज्वेलर्स के संचालक को झांसा देकर करीब 40 लाख रुपए मूल्य का लगभग 250 ग्राम सोना पार कर दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के तहत शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे चार महिलाएं अलग-अलग समय पर रानू ज्वेलर्स की दुकान पर खरीदी करने पहुंचीं। उन्होंने खुद को ग्राहक बताते हुए संचालक रानू सोनी से सोने-चांदी के आभूषण दिखाने को कहा। महिलाएं लगातार अलग-अलग डिजाइन – दिखाने की मांग करती रहीं, जिससे दुकानदार का ध्यान भटकता रहा। बताया जा रहा है कि गिरोह ने भरोसा जीतने के लिए कुछ आभूषण खरीदे भी और उनकी पूरी राशि का भुगतान भी किया, ताकि दुकानदार को किसी तरह का शक न हो। इसी दौरान मौका पाकर एक महिला ने सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा चुपके से अपनी साड़ी में छिपा लिया। इसके बाद सभी महिलाएं खरीदारी पूरी करने का बहाना बनाकर दुकान से निकल गई। कुछ देर बाद जब दुकानदार ने सामान समेटा तो एक डिब्बा गायब मिला। घबराए दुकानदार ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज चेक किया, जिसमें महिलाएं बेहद चालाकी से डिब्बा चुराते हुए दिखाई दीं। तब तक आरोपी महिलाएं हाट बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो चुकी थीं।
घटना के बाद दुकान संचालक रानू सोनी की हालत खराब बताई जा रही है। जानकारी मिली है कि उनकी आर्थिक स्थिति पहले से ही नाजुक थी और वे हाट बाजार के दिन बड़े व्यापारियों से उधार माल लाकर बिक्री करते थे। 40 लाख रुपए का सोना चोरी होने से उन पर कर्ज का बड़ा बोझ आ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी सोनाली गुप्ता एवं थाना प्रभारी डीपी लोहिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर अज्ञात महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Back to top button