क्राइम

पाइपलाइन विवाद में खूनी संघर्ष, युवक की मौत; परिजनों का थाने के सामने प्रदर्शन

रिपोर्टर : मधुर राय
बरेली। बरेली थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम टिप्पा सेमरी में पानी की पाइपलाइन को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुरुवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए इस विवाद में छत्रपाल सिंह राजपूत की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, एक पक्ष द्वारा खेत से जबरन पाइपलाइन निकालने का प्रयास किया जा रहा था, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में छत्रपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले नगर के सिविल अस्पताल और बाद में भोपाल एम्स रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने बरेली थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
घटना को लेकर एसडीओपी कुंवर सिंह मुकाती ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related Articles

Back to top button