संस्कार केंद्र के 250 बच्चों को यमुना सेवा ट्रस्ट ने ओढ़ाया स्नेह का ऊनी आंचल

रायसेन। सर्द हवाओं के बीच बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और मन में अपनापन जगाने वाला एक हृदयस्पर्शी दृश्य शुक्रवार को संस्कार केंद्र में देखने को मिला। यमुना सेवा ट्रस्ट विदिशा द्वारा सेवा कार्यों की सतत श्रंखला में 250 बच्चों को गर्म ऊनी स्वेटर वितरित किए गए। यह सेवा-उपक्रम वरिष्ठ समाजसेवी एवं ट्रस्टी विट्ठलदास डांगरा के जन्मदिवस को समर्पित रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मध्यभारत प्रांत की प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. किरण शेजवार रहीं। विशेष अतिथि के रूप में अपनाघर आश्रम के सचिव जी.एस. चौहान तथा विदिशा विभाग के समन्वयक राजेश भार्गव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर के समाजसेवी मिथिलेश सोनी ने की।
अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ जब कार्यक्रम आरंभ हुआ, तो वातावरण सेवा, संस्कार और करुणा की सुगंध से भर उठा।
अपने उद्बोधन में डॉ. किरण शेजवार ने कहा कि सेवा भारती केवल वस्त्र नहीं बाँटती, यह संस्कारों का बीज रोपती है। संस्कारित और सशक्त समाज की नींव इन्हीं मासूम हाथों में है।
विशेष अतिथि जी.एस. चौहान और दीदी सरिता शर्मा ने भी बच्चों को आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा भावना से जुड़े मंत्र देकर मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला समिति के कोषाध्यक्ष कमलेश तिवारी, उपाध्यक्ष नारायण कुशवाहा, सदस्य रजनी अग्रवाल, नगर समिति अध्यक्ष बदामी पटेल, जिला पूर्णकालिक रंजीत धुर्वे, निरीक्षिका रजनी कुशवाहा, शिक्षिकाएँ तथा बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
ट्रस्ट द्वारा 250 बच्चों को ठंड में स्वेटर वितरण किया गया।



