क्राइम

खेत के मकान में फंदे पर मिला युवक, दो बच्चों के पिता की संदिग्ध आत्महत्या

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। बरेली गांव में दो मासूम बच्चों के पिता ने खेत पर बने मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत के कारण फिलहाल अज्ञात हैं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात युवक पप्पू ठाकुर घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने कई बार फोन लगाया, पर उसने कॉल रिसीव नहीं किया। रविवार सुबह जब मां खेत पर पहुंची तो मकान के अंदर बेटे को फंदे पर झूलता देख चीख पड़ी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सुल्तानगंज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने पर शव को बेगमगंज अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button