करही से नहर तक एक किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग, विधायक ने लोक निर्माण मंत्री को लिखा पत्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विधानसभा क्षेत्र बड़वारा के अंतर्गत जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायत करही में करही से नहर तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को पत्र लिखा है । विधायक ने ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी समस्या को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है ।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह द्वारा 5 सितंबर 2026 को लोक निर्माण मंत्री को लिखे पत्र में बताया गया कि ग्राम पंचायत करही में सड़क निर्माण की अत्यंत आवश्यकता है । वर्तमान में करही से नहर तक करीब एक किलोमीटर मार्ग का निर्माण नहीं होने के कारण ग्रामीणों एवं आमजन को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क का यह हिस्सा क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण होने के बावजूद निर्माण के अभाव में आवागमन प्रभावित होता है ।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग के निर्माण से गांव के लोगों को नहर क्षेत्र सहित आसपास के स्थानों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी । वर्तमान में सड़क नहीं होने के कारण विशेष रूप से बारिश के मौसम में आवागमन में परेशानी बढ़ जाती है। ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग करते आ रहे हैं ।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने लोक निर्माण मंत्री से करही से नहर तक लगभग एक किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है । विधायक की इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों में सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है ।
इस संबंध में भाजपा नेता योगेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह द्वारा सड़क निर्माण के लिए पहल की गई है । उन्होंने कहा कि करही से नहर तक सड़क का निर्माण होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी ।



