मध्य प्रदेश

भुजरिया मिलन समारोह में दिखी संस्कृति और सामाजिक सौहार्द की झलक

हिंदू उत्सव समिति ने गांधी बाजार मैदान में किया भव्य आयोजन, विभिन्न मोहल्लों से भुजरिया लेकर पहुंचीं महिलाएं
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। रक्षाबंधन पर्व के बाद नगर में भुजरिया मिलन समारोह का आयोजन हिंदू उत्सव समिति द्वारा शहर के हृदय स्थल गांधी बाजार के विशाल मैदान में किया गया। हिंदू उत्सव समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष सचिन नेमा के नेतृत्व में आयोजित समारोह में नगर के विभिन्न मोहल्लों से महिलाएं पारंपरिक रूप से भुजरिया लेकर पहुंचीं। अतिथियों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भुजरिया की पूजा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदू उत्सव समिति संरक्षण समिति के अध्यक्ष संतोष कंडया ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्यों के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद मंचासीन अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का समिति पदाधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया।
समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत, विधायक देवेंद्र पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, पूर्व अध्यक्ष मलखान सिंह जाट, कांग्रेस के पूर्व महामंत्री राजेंद्र सिंह तोमर, समिति के संरक्षक, पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी सहित मुस्लिम त्योहार कमेटी अध्यक्ष आरिफ राईन, नगर मंडल अध्यक्ष अजय सिंह जाट, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, सुरेश ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
सचिन नेमा ने संभाली समिति की कमान
समारोह के दौरान हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह तोमर ने नवनियुक्त अध्यक्ष सचिन नेमा को पगड़ी पहनाकर समिति का कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सचिन नेमा को शुभकामनाएं दीं।
भजन मंडलियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में नगर के विभिन्न मोहल्लों से आईं भजन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं संगीत पार्टी द्वारा प्रस्तुत नृत्य-नाटिका ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पारंपरिक उत्सव का आनंद लिया।
पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और भाईचारे की झलक देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों और युवाओं की मौजूदगी से गांधी बाजार मैदान में उत्सवी माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदीप सोनी ‘शून्य’ ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महेश नेमा ने व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button