रिश्तों का कत्ल: भाई ने तलवार से बहन को काटा, बीच-बचाव करने आई सास पर भी किया जानलेवा हमला
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
अनूपपुर। मध्यप्रदेश की धार्मिक एवं पवित्र नगरी अमरकंटक जो कि माँ नर्मदा के उदगम स्थल के नाम से प्रसिद्ध है। उसी नगरी में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पारिवारिक विवाद के चलते चचेरे भाई ने बहन पर तलवार से हमलाकर हत्या कर दी। साथ ही बीच-बचाव करने आई पड़ोस में रहने वाली अपनी सास पर भी जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद छत्तीसगढ़ के पेंड्रा रेफर किया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अमरकंटक थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 नर्मदा मंदिर के पास में रहने वाली मुस्कान करायत उम्र 17 वर्ष (जो की नवोदय विद्यालय में कक्षा 12 वी की छात्रा) गुरुवार को अपने घर पर थी, तभी अचानक उसके रिश्ते का चचेरा भाई अमित करायत पुराने पारिवारिक विवाद के चलते धारदार तलवार लेकर वहां पहुंच गया, जिसे देखते ही मुस्कान जान बचाने के लिए भागने लगी, लेकिन आरोपी ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर दिनदहाड़े तलवार से काट डाला, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं इस दौरान बीच बचाव करने गई सास शकुनबाई पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उसे भी गंभीर चोट आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे पेंड्रा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इस संबंध में एसडीओपी पुष्पराजगढ़ सोनाली गुप्ता ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।आरोपी को पकड़ लिया गया है। घटना में प्रयुक्त तलवार को भी जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



