सागर जिले में जहरीली शराब से मौत के बाद रायसेन जिला आबकारी विभाग अलर्ट मोड पर

6 गांवों में छापेमारी, 7 प्रकरण दर्ज; 4 आरोपी गिरफ्तार, 460 किलो महुआ लाहन जब्त
ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद
बेगमगंज ।समीपवर्ती सागर जिले में कथित जहरीली शराब से हुई मौतों की घटना के बाद रायसेन जिला प्रशासन और आबकारी विभाग अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
आबकारी विभाग ने दो टीमों का गठन कर सागर जिले से लगे रायसेन के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच और छापेमारी की। टीमों ने माडिया नाका, भैंसा, तुलसीपार, मोदकपुर, सुल्तानगंज और बेगमगंज क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध मदिरा बरामद की।
कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क एवं च के तहत कुल 7 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें 4 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि 3 प्रकरण अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किए गए हैं।
ग्राम चांदोड़ा में भी तलाशी, नहीं मिली अवैध शराब:-
संवेदनशील क्षेत्र ग्राम चांदोड़ा, थाना सुल्तानगंज में भी आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया। हालांकि यहां मौके से कोई अवैध मदिरा बरामद नहीं हुई। टीम ने ग्रामीणों को अवैध शराब के संग्रहण, निर्माण और विक्रय से दूर रहने के निर्देश दिए।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध मदिरा के खिलाफ सघन चेकिंग और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सागर जिले की घटना के बाद सीमावर्ती और संवेदनशील गांवों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी शहनाज कुरैशी एवं अपर्णा राव, आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश श्रीवास्तव, रविंद्र अहिरवार, शैलेंद्र भील और सुनील कुमार मीणा, आबकारी मुख्य आरक्षक निजाम खान, आरक्षक प्रवीण अहिरवार, सत्यवन वर्मा सहित नगर सैनिक शामिल रहे।



