बेटी को परीक्षा दिलाने जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत
रायसेन। बुधवार को बेटी को कक्षा 10वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा दिलाने जबलपुर ले जा रहे एक पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। दर्दनाक हादसा रायसेन-सुल्तानपुर रोड पर बिनेका के पास हुआ। कार पंचर होने के बाद सड़क किनारे स्टेपनी बदल रहे 40 वर्षीय संतोष नागर को अज्ञात वाहन/ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में ग्राम प्रेमतालाब निवासी संतोष नागर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि टक्कर के बाद उनके पेट में गंभीर चोट लगी थी और उन्हें पेट में दर्द हो रहा था। घटना के बाद उपचार के लिए उन्हें सुल्तानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब एक घंटे बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।प्रात जानकारी अनुसार संतोष नागर अपनी बेटी को कक्षा 10वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा दिलाने जबलपुर ले जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार पंचर हो गई। संतोष सड़क किनारे कार की स्टेपनी बदल रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन /ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।संतोष नागर ग्राम प्रेमतालाब के निवासी थे और खेती किसानी का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। घटना को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



