भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

एमएसपी गारंटी, कर्ज माफी, धान पंजीयन और खाद की उपलब्धता सहित नौ प्रमुख मांगें उठाईं
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। किसानों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर 27 अक्टूबर को तहसील कार्यालय सिहोरा में भारतीय किसान यूनियन टिकैत द्वारा प्रधानमंत्री एवं कलेक्टर के नाम तहसीलदार सिहोरा को ज्ञापन सौंपा गया । यह ज्ञापन यूनियन के जिलाध्यक्ष एडवोकेट रमेश पटेल के नेतृत्व में सौंपा गया। इसमें किसानों की आर्थिक स्थिति, कृषि संबंधी समस्याओं और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की गई ।
ज्ञापन के माध्यम से किसान यूनियन ने मांग की कि पिछले छह वर्षों से लंबित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी सुनिश्चित करते हुए सभी फसलों पर सी2 लागत का 50 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ लागू किया जाए । इसके साथ ही किसानों की कर्ज माफी, किसान पेंशन योजना तथा फसल बीमा व्यवस्था में सुधार करने की मांग की गई ।
यूनियन ने बिजली के निजीकरण, बीज विधेयक 2025 और चार श्रम संहिताओं को रद्द करने की मांग भी रखी । इसके अलावा अमेरिका के साथ कृषि उत्पादों एवं डेयरी से संबंधित समझौते को तत्काल निरस्त करने की मांग की गई । किसानों को धान की पराली जलाने पर लगाए गए प्रतिबंध से राहत देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही ।
*धान पंजीयन और खाद की समस्या उठाई*
ज्ञापन में धान पंजीयन से वंचित किसानों को राहत देने की मांग करते हुए छूटे हुए खसरों को जोड़ने और शेष किसानों का पंजीयन कराने की मांग की गई । साथ ही कृषि पंपों के हॉर्स पावर लोड में सुधार करने तथा मझगवां-सरौली क्षेत्र में किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए डबल लॉक केंद्र खोलने की मांग उठाई गई । ग्रामीण क्षेत्रों में गांव-गांव बिक रही अवैध शराब पर रोक लगाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई ।
*सैकड़ों किसान एवं पदाधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रदीप पटेल, ओबीसी जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार कुर्मी, लक्ष्मीनारायण पटेल, अशोक पटेल, बिहारी पटेल, केके पटेल, राजेश पटेल, एडवोकेट दिलीप पटेल, एडवोकेट रामगोपाल पटेल, संत कुमार पटेल, प्रमोद पटेल, अकलेश पटेल, रणजीत पटेल, बीरेंद्र पटेल, सुरेंद्र पटेल, अमरजीत पटेल, गंगाराम पटेल, अजीत पटेल, रोहित पटेल, अनिल पटेल, रघुवर पटेल, जागेश्वर पटेल, ओमकार पटेल, सुनील पटेल, अमित पटेल एवं मनोज पटेल सहित बड़ी संख्या में यूनियन के पदाधिकारी और किसान उपस्थित रहे ।
किसान यूनियन ने ज्ञापन के माध्यम से केंद्र एवं जिला प्रशासन से किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर मांगों के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की ।



