मध्य प्रदेश

लव-कुश की पूजा कर उतारी आरती, समाज को दिया एकता और संस्कार का संदेश

सिलवानी। भगवान श्रीराम के पुत्र लव-कुश के जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को कुशवाहा समाज संगठन समिति सिलवानी के तत्वावधान में जन्मोत्सव कार्यक्रम एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत कुशवाहा समाज के प्रदेश अध्यक्ष योगेश मानसिंह कुशवाह, जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल कुशवाह तथा महिला जिला अध्यक्ष अंगूरी कुशवाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने शोभायात्रा में सहभागिता कर समाजजनों को लव-कुश जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में कुशवाहा समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक उल्लास के साथ भगवान लव-कुश के जयकारे लगाए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह ने भगवान लव-कुश की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती उतारी तथा समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
लव-कुश के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान
समाजजनों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह ने कहा कि भगवान लव-कुश का जीवन साहस, संस्कार, अनुशासन और धर्म के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समाजजनों से भगवान लव-कुश के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
शोभायात्रा में लव-कुश एवं माता सीता के स्वरूप में सजे बच्चों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान कुशवाहा समाज संगठन समिति के पदाधिकारियों एवं समाजजनों द्वारा पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह सहित अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा, तहसील अध्यक्ष बलराम कुशवाहा, कार्यक्रम अध्यक्ष राघवेंद्र कुशवाहा, वरिष्ठ समाजसेवी नर्मदा कुशवाहा, रेवाराम कुशवाहा, तेजराम कुशवाह सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। मंच संचालन प्रदीप कुशवाह ने किया तथा आभार राजेश कुशवाहा ने व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button