मध्य प्रदेश

कीटनाशक पीने से 62 वर्षीय महिला की मौत, घर में मचा हड़कंप

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम डुंगरिया में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 62 वर्षीय महिला ने घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार डुंगरिया निवासी गुलबरानी, पत्नी गोविंदी अहिरवार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर पर थीं। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली। कुछ देर बाद उनका पुत्र सुरेश घर पहुंचा तो मां को बाथरूम में गंभीर हालत में पड़ा देखा। आनन-फानन में परिजन उन्हें सुल्तानगंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
महिला ने आखिर किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button