मध्य प्रदेश

विख्यात संत पंडित कमल किशोर नागरजी को धमकी के विरोध में आक्रोश

शुक्रवार को खरगोन बाजार दो घंटे रहेगा बंद, मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
रिपोर्टर : कमल याज्ञवल्क्य
बरेली (रायसेन)। देश के विख्यात संत,महान गोभक्त संतश्री पंडित कमल किशोर जी नागर को एक कार्यक्रम के दौरान मिले धमकी भरे पत्र को लेकर हिन्दू समाज और सनातन धर्मावलंबियों में आक्रोश व्याप्त है। संतश्री को धमकी दिए जाने की घटना की क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों ने कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।इसी क्रम में बरेली तहसील के खरगोन कस्बे में 11 सितंबर, शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से 02 बजे तक विरोध स्वरूप बाजार एवं व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया गया है। समाजसेवी घनश्याम सिंह रघुवंशी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस विरोध में सभी सामाजिक संगठन, व्यापारी संघ, हिन्दू उत्सव समिति, जनप्रतिनिधि तथा नगर सहित आसपास के ग्रामों और क्षेत्र के सनातन धर्मप्रेमी नागरिक शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 02 बजे तक बाजार बंद रखकर सभी संगठनों एवं नागरिकों द्वारा एकत्रित होकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बरेली को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से संतश्री पंडित कमल किशोर नागरजी को धमकी देने वाले व्यक्ति अथवा संबंधित तत्वों के विरुद्ध शीघ्र जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की जाएगी।
आयोजकों ने सभी सनातन धर्मप्रेमी नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस विरोध कार्यक्रम को अपना समर्थन देने का आग्रह किया है।

Related Articles

Back to top button