गाय भैंस चराने गए युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, एक हफ्ते बाद जंगल में मिला शव
मृतक के 2 भाई भी पहले फांसी लगाकर कर चुके हैं आत्महत्या, 1 भाई का हो चुका है मर्डर
-सलामतपुर थाने के बागोद भटिया जंगल का मामला
रिपोर्टर : नसीम अली
सलामतपुर । 4 दिसंबर को घर से गायब आदिवासी युवक का शव एक सप्ताह बाद बागोद भटिया के जंगल में फांसी पर लटका हुआ मिला है। शव बुरी तरह से सड़ चुका था। सोमवार को सांची स्वास्थ्य केंद्र में शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किया गया है। सलामतपुर पुलिस ने मर्ग का मामला दर्जकर विवेचना में लिया है।
सलामतपुर थाना प्रभारी देवेन्द्र पाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डायल हंड्रेड पर एक इवेंट आया था जिसमें बताया गया था कि युवक की डेडबॉडी जंगल में पेड़ पर लटकी हुई मिली है। सूचना मिलते ही बागोद भटिया जंगल में मौके पर पंहुची पुलिस को एक युवक की डेडबॉडी रास्ते से पचास मीटर अंदर जंगल में सागौन के पेड़ पर गमछे का फंदा बनाकर लटकी हुई मिली। जिसकी शिनाख्त गोपाल आदिवासी पुत्र सरवन आदिवासी उम्र 14 वर्ष निवासी बागोद के रूप में हुई। मृतक के बड़े भाई लालू आदिवासी ने बताया कि उसका छोटा भाई गोपाल 4 दिसंबर को गाय भैंस चराने जंगल में गया था। मवेशी तो शाम को घर वापस आ गए थे लेकिन छोटा भाई वापस घर नही आया था। काफी खोजबीन के बाद 11 दिसंबर रविवार रात में भाई प्रीतम को मृतक गोपाल का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। शव एक सप्ताह पुराना हो जाने के कारण काफी सड़ चुका था। गोपाल ने किन कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या की ये कारण पुलिस के लिए अभी भी पहेली बना हुआ है।
मृतक के दो भाई भी फांसी लगाकर कर चुके हैं आत्महत्या– गोपाल आदिवासी के 7 भाई व 1 बहन है। इसके पिता का स्वर्गवास हो चुका है। मां छोड़कर जा चुकी है। और गोपाल के दो भाइयों बन्ने और काशीराम भी पिछले वर्ष फांसी लगाकर आत्महत्या कर चुके हैं। और इनके बड़े भाई कल्लू की हत्या हो चुकी है। गौरतलब है कि मृतक गोपाल के भाई बन्ने आदिवासी ने एक बार 19 अप्रेल 2020 को फांसी लगाने का प्रयास किया था। लेकिन सलामतपुर पुलिस ने सही समय पर सूचना मिलने ही बन्ने को बचा लिया था। एक बार तो पुलिस ने युवक को बचा लिया था। परंतु उसने कुछ समय बाद ही फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसमें उसकी मौत हो गई। इस मामले के 8 महीने बाद ही भाई की मौत से दुखी होकर दूसरे भाई काशीराम आदिवासी ने भी बागोद के जंगल में 18 जनवरी 202 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।



