मध्य प्रदेश

सत्पथ प्रश्नमंच सीजन–3 की पुस्तिका का भव्य विमोचन

ग्रन्थ समयसार के स्वाध्याय को मिलेगा वैश्विक विस्तार
भोपाल/दीवानगंज। सतपथ फाउंडेशन, नागपुर द्वारा संचालित विश्वस्तरीय सतपथ प्रश्नमंच सीजन–3 की पुस्तिका का विमोचन केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भोपाल के समीप स्थित तीर्थधाम ज्ञानोदय, दीवानगंज में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, विधायक शैलेन्द्र जैन, समाज के श्रेष्ठी प्रदीप चौधरी, अशोक जी (सुभाष ट्रांसपोर्ट) सहित अनेक विद्वान, समाजसेवी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सतपथ फाउंडेशन के संस्थापक एवं ‘सतपथ सारथी’ के रूप में विख्यात पंडित विपिन जी शास्त्री ने बताया कि सतपथ प्रश्नमंच सीजन–3 आचार्य कुंदकुंद के प्रसिद्ध ग्रंथ समयसार पर आधारित है। इससे पूर्व सतपथ द्वारा मोक्षमार्ग प्रकाशक एवं रत्नकरण्ड श्रावकाचार पर आधारित प्रश्नमंच के दो सफल सीजन आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें देश-विदेश से 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की थी।
उन्होंने बताया कि इस बार सतपथ का लक्ष्य समयसार के गूढ़ दर्शन को 25 हजार से अधिक लोगों तक पहुँचाना है। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और देश-विदेश से प्रतिभागियों में उत्साहजनक रुचि देखने को मिल रही है। इस मौके पर विपिन जी शास्त्री ने इस पहल के प्रेरणा स्त्रोत डॉ संजीव जी गोधा को याद किया और बताया कि संजीव जी की सतत प्रेरणा के फलस्वरूप ही सतपथ को ये आयाम प्राप्त हुआ है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर सतपथ फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वाध्याय, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ी ऐसी गतिविधियाँ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि इससे युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ती है और जीवन में सही दिशा प्राप्त करती है।
कार्यक्रम के समापन पर केंद्रीय मंत्री ने सतपथ की इस पुस्तिका का अवलोकन किया और इसके सुंदर संयोजन की प्रशंसा की।

Related Articles

Back to top button