जुआ की सूचना पर पहुंची पुलिस, डर से 3 लड़के तालाब में कूदे, मौत
परिजन को 25-25 हजार की मदद
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
शहडोल । जुआ खेलने की सूचना पर सायरन बजाती पुलिस पहुंची तो तीन लड़के डर से तालाब में कूद पड़े। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकलकर जिला अस्पताल भेजा। देर रात तीनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गौरव बंशकार पिता विशेसर बंशकार उम्र 17 साल, दुर्गेश पिता नानबाबू उम्र 18 साल और समीर उर्फ कबूतर बंशकार पिता किशन उम्र 17 साल के रूप में हुई है। तीनों निवासी वार्ड 17/22 घरौला मोहल्ले के रहने वाले थे।
घटना से आक्रोशित परिजन पुलिस व अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर देर रात तक हंगामा किया। जिला प्रशासन व पुलिस के अफसर मौके पर पहुंचे। समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन नहीं माने। मंगलवार सुबह कलेक्टर पार्थ जायसवाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल सहित विधायक मनीषा सिंह पहुंचे। परिजनों को जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया। मृतकों के परिजन को 25-25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि के चेक दिए। इसके बाद परिजन शांत हुए।



