अस्थाई वन सुरक्षाकर्मी, फारेस्ट के कंप्यूटर आपरेटरों की बैठक
मिलकर लडेंगे अस्थाई, आउटसोर्स कर्मी, 18 को भोपाल जाएंगे हजारों
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
छिंदवाड़ा। शुक्रवार 2 दिसंबर को वन विकास निगम के अस्थाई सुरक्षाकर्मियों, फारेस्ट के कंप्यूटर आपरेटरों की बैठक हुई जिसमें न्यूनतम वेतन 21000 हजार रूपए देने की मांग को लेकर आंदोलन का निर्णय लिया तथा 18 दिसंबर को भोपाल में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने का एक स्वर से फैसला हुआ। सुरक्षा कर्मी संगठन के अध्यक्ष विजय सोनी की अध्यक्षता में हुई बैठक को मप्र आउटसोर्स, अस्थाई एवं संविदा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने संबोधित किया और कहा कि सरकार अस्थाई आउटसोर्स कर्मियों के साथ अन्याय कर रही है, न्यूनतम वेतन नहीं देती, कभी भी नौकरी से हटा दिया जाता है, इसके खिलाफ मिलकर लडना होगा तभी अन्याय समाप्त होगा। उन्होंने कहा कि पहली बार 18 साल से चले आ रहे अन्याय को समाप्त कराने के लिए हर विभाग का अस्थाई, आउटसोर्स कर्मचारी एकजुट हो रहा है और नियमितीकरण की मांग को पूरी ताकत से उठा रहा है। बैठक के बाद वन विकास निगम के एमडी को पांच सूत्रीय मांगपत्र दिया गया।



