एसडीएम ने अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । शासकीय सिविल अस्पताल का एसडीएम सौरभ मिश्रा एवं तहसीलदार एसआर देशमुख द्वारा दल बल के साथ औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उक्त प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अस्पताल के सभी वार्डों एवं औषधि वितरण केंद्र सहित ड्रेसिंग रूम, ओटी, लेबोरेटरी कक्ष, एक्स-रे रूम इत्यादि का निरीक्षण किए जाने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर एसडीएम सौरभ मिश्रा द्वारा बीएमओ डॉ. अनिल कुमार को निर्देश दिए कि सभी भर्ती मरीजों को सरकार द्वारा निर्धारित सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए ।
वार्ड में भर्ती मरीजों को साफ-सुथरी गद्दे -चादर के साथ निशुल्क दवाओं को भी मिलना चाहिए और अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे व अन्य उपकरण तत्काल चालू कराए जाएं। आई फ्लू बीमारी बहुत ज्यादा फैली हुई है, उसके मद्देनजर अस्पताल में आने वाले मरीजों को आई ड्रॉप एवं दवाई उपलब्ध कराई जाए।
इसके अतिरिक्त मौसमी बीमारियों से प्रभावित जो मरीज आ रहे हैं उन्हें भी समुचित इलाज की व्यवस्था कराई जाए । सभी डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी अपने निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहे। यदि कोई ड्यूटी से अनुपस्थित पाया गया तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बीएमओ डॉ. कुमार सुनिश्चित करें कि सभी कर्मचारी समय पर अस्पताल आ जाएं और समय पर ही जाएं। अस्पताल में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए । इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी होना चाहिए । एक घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान एसडीएम एवं तहसीलदार द्वारा अस्पताल की सभी कक्षों का निरीक्षण किया गया और बीएमओ से भर्ती मरीजों व प्रसूता महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण सहित अस्पताल में उपलब्ध दवाओं एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी हासिल की ।
बीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का पालन हर हाल में किया जाएगा।



