विधायक ने कन्या पूजन कर 11 बालिकाओं को 1100-1100 रुपए देकर किया सम्मानित

नवदुर्गा उत्सव में गरबा, भजन और नृत्य प्रस्तुत करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा पर अमल
ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद
बेगमगंज। नवदुर्गा उत्सव के दौरान वार्डों और मोहल्लों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गरबा, भजन और नृत्य प्रस्तुत करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विधायक देवेंद्र पटेल ने सम्मान की पहल की है। रविवार को नगर के अयोध्या नगर की 11 बालिकाओं को विधायक ने अपने निज निवास पर कन्या पूजन कर 1100-1100 रुपए की सम्मान राशि भेंट की।
विधायक ने बालिकाओं का तिलक लगाकर पूजन किया और उन्हें सम्मान राशि देकर उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और धार्मिक आयोजनों में उनकी सहभागिता की सराहना की गई। विधायक ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बालिकाओं की भागीदारी समाज की परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करती है। ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना जरूरी है।
उत्सव के दौरान की थी घोषणा
उल्लेखनीय है कि नवदुर्गा उत्सव के दौरान विधायक देवेंद्र पटेल ने नगर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों की नवदुर्गा उत्सव समितियों में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी। उसी घोषणा के तहत अब बालिकाओं को सम्मानित किया जा रहा है। अयोध्या नगर की 11 कन्याओं को सम्मान राशि मिलने से उत्सव समितियों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाली बालिकाओं का उत्साह बढ़ेगा और उन्हें आगे भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।



