मध्य प्रदेशव्यापार

ऑनलाइन व्यापार का क्रेज बढ़ने से दुकानदार कर रहे ग्राहकों का इंतजार

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । कोरोना कॉल से ऑनलाइन खरीदी का जो क्रेज बढ़ा है उससे आम दुकानदार अत्यधिक परेशान है। दीपावली पर उम्मीद थी कि लोग ऑफलाइन खरीदी के लिए आएंगे लेकिन उम्मीद के मुताबिक लोग दुकानों पर नहीं पहुंच रहे हैं जिससे बाजार अभी उस तरह से नहीं उठ पाए हैं जिस तरह से उठना चाहिए था।
व्यापारी बोले-सरकार की पॉलिसी ने व्यापार खत्म कर दिए, एक ही विकल्प एकजुट होना होगा। सरकार की पॉलिसी के कारण इलेक्ट्रोनिक मार्केट खत्म हो रही है। इसका सबसे बड़ा कारण ओपन मार्केट हैं। अगर वक्त रहते स्थानीय लोगों ने बाजार को नहीं संभाला तो बेरोजगारी आम बात हो जाएगी। ऑनलाइन खरीद के कारण बेगमगंज शहर का पैसा दूसरे शहरों में जा रहा हैं। जबकि क्षेत्र का पैसा यहीं खर्च किया जाए तो प्रत्येक घर में चुल्हा आसानी से जल सकता है। यह विचार दीपावली पर खास तौर से इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र में अपनी दुकान है सजाए बैठे व्यापारियों ने रखे। व्यापारियों ने कहा कि यह गंभीर मुद्दा है। यहां के व्यापार को बचाने के लिए सभी को एक जुट होना होगा। लोगों को ऑनलाइन बिजनेस साइटों की खामियों के बारे में विस्तार से जानकारी देनी होगी। नहीं तो हम बिना किसी पड़ताल किए सौ रुपए बचाने के चक्कर में ऑनलाइन साइट से पचास हजार रुपए का माल यूं ही खरीदते रहेंगे। फिर वह चाहे नकली या फिर उस प्रोडेक्ट में कोई खामी हो, इसका ज्ञान होना जरूरी है। नहीं तो इसका नुकसान क्षेत्र के व्यापार के साथ-साथ खरीदार को भी होना तय है। दरअसल वह भी किसी व्यापार से जुड़ा हुआ है। अभी तो लोग इलेक्ट्रिक सामान अधिक संख्या में ऑनलाइन खरीद रहे थे लेकिन अब तो सोना चांदी भी लोग ऑनलाइन मंगाने लगे हैं। आज क्षेत्र के बाजार में भारतीय मुद्रा का रोटेशन कम हो गया है। पूरा व्यापार ऑनलाइन साइटों ने खींच लिया। इसके समाधान के लिए अब आमजन को काम करना होगा।
हम टैक्स अदा करके भी चोर:- एक दुकानदार ने कहा कि यह ऑनलाइन साइटें अपने व्यापार में घाटा दिखाकर टैक्स की चोरी कर रही है। इनकी जांच करने वाला कोई नहीं। क्योंकि सरकार के लोगों का इन पर हाथ है। हम लोग प्रत्येक माह या फिर प्रत्येक तीन माह में जीएसटी की रिटर्न भर रहे हैं, फिर भी हम चोर हैं। कोरोना में ये ऑनलाइन वाले कहां थे। स्थानीय लोग ही एक दूसरे के काम आए थे।
बाजार में घूमों ऑनलाइन से भी सस्ता मिलेगा:- व्यापारियों की माने तो खरीदार बाजार में घूमना नहीं चाहता। बस ऑनलाइन साइट पर ऑफर देखकर आकर्षित हो रहे हैं। हजारों की खरीदारी बिना किसी पड़ताल के एक झटके से कर रहे हैं। यह ऑफर मार्केट में भी मिल जाएंगे। ग्राहक दुकानों पर जाकर ट्राइ तो करे। उसे खुद मालूम होगा कि बाजार में इससे बेहतर और सस्ता सामान उपलब्ध है।
दिवाली पर बंपर ऑफर:- इलेक्ट्रोनिक के बाजार में इस बार दिवाली पर बंपर ऑफर कंपनियों की ओर से दिए जा रहे हैं। नवरात्र के पहले दिन यह ऑफर मिलने शुरू हो गए हैं। दुकानदारों की माने तो नवरात्र के पहले दिन उम्मीद के मुताबिक बिक्री हुई है। हालांकि लोग ऑनलाइन खरीद करने का बहिष्कार करने का मुहीम चलाएं तो इसका सीधा असर क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को होगा और बाजार में इस दिवाली पर बंपर उछाल आएगा।
इलेक्ट्रॉनिक सामानों के व्यवसायी सीएम साहू व नावेद खान कहते हैं कि ऑनलाइन शॉपिंग ने नगर के दुकानदारों का खेल बिगाड़ दिया है। जिसके चलते दुकानदार दुकानों पर हाथ पर हाथ रख कर बैठे हुए है। कहा कि पूरा धन्धा ही चौपट हो गया है।
बिल्डिंग मटेरियल व्यवसायी भानू जैन व गुफरान अली का कहना है कि यह मौसम हमारे लिए कमाई का सीजन होता है पर आजकल पूरी तरह बैठा हुआ है। कपड़ा व्यवसायी खिलाड़ी जैन भी आज व्यवसाय की गिरती दशा के लिए आनलाइन खरीदारी को दोष ठहराते हैं।
रजाई गद्दा व्यवसायी रफीक मंसूरी का भी कहना है कि आनलाइन खरीदारी करने के दौरान ठगे जाने के बावजूद लोगों का रुझान उसी पर है। जिसके चलते आम दुकानदार को दैनिक खर्च चलना मुश्किल हो गया है। दुकानदारों की मांग है कि सरकार को इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। सरकार को चाहिए कि ऑनलाइन खरीदी और बिक्री को इस तरह नियंत्रित किया जाए। इससे रिटेलर को नुकसान ना हो।

Related Articles

Back to top button